प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

गौचर / चमोली. जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दशोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सगर में संचालित निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सोमवार को सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की स्थिति, उनके निस्तारण की प्रगति तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं अथवा जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति है, उनके निराकरण के लिए जनपद में कैंप मोड में सुनवाई की जा रही है। इन शिविरों में बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर रहे हैं और उनके विवरण का सत्यापन एवं मैपिंग कर रहे हैं। यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति पाई जाती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जा रहा है, ताकि निर्वाचन के समय किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक मतदाता का विवरण निर्वाचक नामावली में सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित रूप में दर्ज हो। उन्होंने सभी सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र मतदाता को सरल, सुगम एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अपनी समस्या के समाधान का अवसर मिले। उन्होंने जनपद के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिनके नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं अथवा जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करें, ताकि उनके दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद में निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभ हो चुकी है। बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त तक संबंधित अधिकारियों द्वारा दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

%d bloggers like this:
Breaking News