हम खेलों में अपनी रुचि जगाएं : श्रीमती रेखा आर्या

देहरादून। आज उत्तराखंड राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ के समापन समारोह में सम्मिलित होकर प्रतिभागियों व युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस 5 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ में सैकड़ों युवाओं, बुजुर्गों और हर आयु वर्ग के नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। यह मैराथन पवेलियन ग्राउंड से दिलाराम चौक और ब्रह्म कमल चौक होते हुए वापस ग्राउंड में संपन्न हुई, जहाँ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि खुद को फिट और रोगमुक्त रखने का सबसे सही और सरल तरीका है कि हम खेलों में अपनी रुचि जगाएं। जो लोग खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जुड़े रहते हैं, वे जीवनभर ऊर्जावान और बीमारियों से दूर रहते हैं। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव और जागरूकता के लिए हमें अपने प्रदेश में ‘फिटनेस कल्चर’ को तेजी से विकसित करना होगा।
आज के समय में मोबाइल का अत्यधिक उपयोग और आरामदायक जीवनशैली हमारी दैनिक दिनचर्या को प्रभावित कर रही है, जिससे तरह-तरह की बीमारियां हमें घेर रही हैं। इससे बचने के लिए आवश्यक है कि हम अपनी दिनचर्या में सुधार करें और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉक्टर अजय आर्य जी, वीरा फाउंडेशन से श्री विनोद डोभाल जी, श्रीमती ऋतु डोभाल जी, सीनियर साइंटिस्ट डॉक्टर राजीव कुमार रंजन जी, श्रीमती अंजना जी आदि उपस्थित रहे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News