ऋषिकेश- उत्तराखंड में बनी 14 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ उत्तराखंड में बनी 14 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल हो गई हैं। केंद्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएसओ) ने इसे लेकर ड्रग अलर्ट जारी किया है। देहरादून और हरिद्वार की दवा निर्माण इकाइयों में तैयार इन दवाओं में बुखार, डायबिटीज, गैस्ट्रिक अल्सर, एसिडिटी, बैक्टीरियल इंफेक्शन, नसों की कमजोरी और मानसिक रोग में इस्तेमाल होने वाली दवा शामिल हैं। बीते कुछ वर्षों में भारत में बनी दवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद केंद्र सरकार ने दवाओं की गुणवत्ता जांच सख्त कर दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय हर माह देशभर में दवाओं की सैंपलिंग करा रहा है। इसी क्रम में मई माह की जांच रिपोर्ट जारी की गई। रिपोर्ट में देशभर में निर्मित 128 दवाएं गुणवत्ता मानकों पर फेल पाई गईं, जिनमें 14 दवाएं उत्तराखंड में निर्मित हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अपर आयुक्त एवं औषधि नियंत्रक ताजबर सिंह ने बताया कि सीडीएसओ की रिपोर्ट मिलते ही संबंधित कंपनियों के उत्पाद लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। फेल पाए गए बैच बाजार से वापस मंगवाए जा रहे हैं। औषधि निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि इन दवाओं की दुकानों पर बिक्री न हो। सभी दवा निर्माताओं को निर्देशित किया है कि वे गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करें। गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।
