ऋषिकेश- उत्तराखंड में लगातार हेलिकॉप्टर हादसों को लेकर हाईकोर्ट ने धामी सरकार से मांगा जवाब

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ उत्तराखंड में लगातार हेलिकॉप्टर हादसों को लेकर हाईकोर्ट ने पुष्कर सिंह धामी सरकार से जवाब मांगा है। केदारनाथ के पास हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से इस बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर तैनात हेलीकॉप्टरों से सफर करना श्रद्धालुओं के लिए कितना सुरक्षित है। रविवार को हुए केदारनाथ हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी थी। मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंदर और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की खंडपीठ ने तीर्थयात्रा मार्ग पर बढ़ती हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि आठ मई को एक अन्य हेलीकॉप्टर उत्तरकाशी जिले में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और उसमें भी पायलट समेत छह लोगों की जान चली गयी थी। यात्रा शुरू होने के बाद पांच हेलीकॉप्टर दुर्घटनाएं और उनमें 13 व्यक्तियों की मौत होने पर अदालत ने सरकार से इस संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट करने और अपना जवाब दाखिल करने को कहा।
रखरखाव और गाइडलाइन को लेकर सवाल _
इस मुद्दे पर चिंता जाहिर करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के संबंध में सवाल पूछे. अदालत ने पूछा कि यात्रा में इस्तेमाल किए जा रहे हेलीकॉप्टर क्या तय कार्यक्रम के हिसाब से संचालित हो रहे हैं और क्या इसमें नियमों का पालन किया जा रहा है। अदालत ने यह भी कहा कि खराब मौसम में हेलीकॉप्टर उड़ाना विनाशकारी हो सकता है और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर एहतियात बरतने के लिए कहा जाना चाहिए। वहीं मुख्य स्थायी अधिवक्ता चंद्रशेखर रावत ने अदालत को अवगत कराया कि राज्य सरकार ने फिलहाल हेली सेवाओं पर रोक लगा दी है और वह भविष्य में श्रद्धालुओं को बेहतर सेवा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News