ऋषिकेश- चारधाम यात्रा में परिवहन विभाग चलाएगा 125 रोडवेज बसें
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ चारधाम में उत्तराखंड परिवहन विभाग भी यात्रियों को सुविधा मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में उत्तराखंड परिवहन विभाग ने परिवहन निगम की 125 बसों को चारधाम यात्रा रूट पर तैनात करने का निर्णय लिया है। ताकि, चारधाम आने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल सके वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। सभी वाहन जो भी चारधाम यात्रा रूट पर संचालित होंगी, उन सभी वाहनों की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी परिवहन निगम के पास रहेगी। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2025 आगामी 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही शुरू हो रही है. जिसके चलते चारधाम से संबंधित विभाग तैयारियों में जुटी हुई है. इसी कड़ी ने परिवहन विभाग भी तैयारियों में जुटा है. ताकि, चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को परिवहन संबंधित दिक्कतों का सामना न करना पड़े। आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर परिवहन निगम 125 बसों को चारधाम यात्रा रूट पर संचालित करने का निर्णय लिया है। ऐसे में इन बसों का ग्रीन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। ताकि इन बसों को यात्रा रूट पर संचालित किया जा सके हालांकि ये बसें कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट पर चलाई जाएंगी। यात्रा के लिए हो रहे रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों के अनुसार, 28 मार्च 2025 की शाम तक 10,783 निजी वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। जिसके जरिए श्रद्धालु धामों के दर्शन करने जाएंगे. हालांकि, अभी कमर्शियल वाहनों का ग्रीन कार्ड बनने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल चारधाम यात्रा के दौरान धामों में आने वाले वाहनों की संख्या का आंकड़ा 6 लाख के पार हो सकता है।
