ऋषिकेश- 14 बीघा में पुल के समीप रामलीला मैदान पार्क पर वन विभाग द्वारा ताला लगाना निंदनीय _ पालिका अध्यक्ष
त्रिवेणी न्यूज 24
मुनिकीरेती _ नगर पालिका के वार्ड 07 स्थित नई मंडी पुल रामलीला मैदान पार्क का विगत कई वर्षों से नगर पालिका साफ-सफाई, रख-रखाव का कार्य सुचारू रूप से करती आई है। विगत 14 मार्च को वन विभाग द्वारा उक्त पार्क पर ताला लगा दिया गया है।
बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने बताया कि 14 मार्च को वन क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश कार्यालय के द्वारा मुझे एक पत्र प्राप्त हुआ जिसमें पत्र द्वारा बताया गया कि नगर पालिका द्वारा अवैध रूप से सब्जी की ठेलियां लगवाई जा रही हैं, जो कि विगत कई वर्षों से यहां लगती आ रही हैं तथा खाली मैदान में विभिन्न आयोजन शादी समारोह व धार्मिक आयोजन हेतु नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा अनुमति दी जा रही है, जो कि दंडनीय अपराध है।
यदि इसकी पुनरावृत्ति होती है तो भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी। जिसके प्रतिउत्तर में हमारे बोर्ड ने 17 को वन क्षेत्राधिकारी को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्हें अवगत कराया गया कि उक्त स्थान में जो शादियां व धार्मिक आयोजन होते हैं वह कार्य स्थानीय गरीब जनता की समस्याओं को मद्देनजर रखकर किए जाते हैं। जिनके पास होटल, वेडिंग प्वाईंट आदि बुक करवाने हेतु संसाधन उपलब्ध नहीं होते हैं।
नगर पालिका द्वारा उक्त स्थान का रखरखाव भी किया जा रहा है और अतिक्रमण पर भी रोक लगाई जाती है। उक्त क्षेत्र में कोई खेल मैदान नहीं है, जिस कारण यह मैदान बच्चों के खेलने के काम आता है और कई बार इसमें खेलों के टूर्नामेंट आयोजित किए गए हैं। 18 मार्च को मेरे संज्ञान में आया कि उक्त स्थान पर वन विभाग द्वारा ताला लगा दिया गया है। जो कि बहुत निंदनीय व खेद का विषय है। विगत 07 मार्च को हमारे बोर्ड को शपथ लिए महज 01 माह हुआ है, जबकि विगत कई वर्षों से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला उक्त भूमि का संचालन व रखरखाव कर रहा है और इससे बड़ी बात यह है कि हमारे क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल सूबे के वन मंत्री भी हैं। बिना उनके संज्ञान के वन क्षेत्राधिकारी द्वारा उक्त भूमि पर ताला कैसे लगा दिया गया है। यदि मंत्री के संज्ञान में नहीं है तो मैं सम्मानित पत्रकार बंधुओं के माध्यम से अनुरोध करना चाहती हूं कि जनभावनाओं को देखते हुए जनकल्याण हेतु अतिशीघ्र उक्त पार्क का ताला खोलकर पुनः नगर पालिका परिषद के सुर्पुद किया जाए। यदि मंत्री के संज्ञान में यह कार्य हुआ है तो मैं यह पूछना चाहती हूं कि विगत कई वर्षों से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला उक्त पार्क का संचालन व रख-रखाव करती आई है, तो हमसे महज 01 माह में क्या गलती हो गई जो उक्त भूमि में ताला लगा दिया गया। पत्रकार बधुंओं को अवगत कराना चाहती हूं कि उक्त भूमि का संचालन व रखरखाव नगर पालिका परिषद ही करे, इसके लिए हम प्रयासरत रहेंगे और जनता की भलाई के लिए किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।
