ऋषिकेश- सीएम के पूर्व ओएसडी पीसी उपाध्याय के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ दिल्ली के कारोबारी को टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में सीएम के पूर्व ओएसडी पीसी उपाध्याय के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि उपाध्याय ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी से 70 लाख रुपये ठगे हैं। आरोपियों में दिल्ली यातायात पुलिस का एएसआई भी शामिल है। उपाध्याय और उसके साथियों पर कई राज्यों के कारोबारियों से करोड़ों की ठगी के मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली के जोर बाग के रहने वाले कारोबारी माणिक खुल्लर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका एक परिचित आशु मोरे दिल्ली यातायात पुलिस में एएसआई (चालक) के रूप में तैनात है। उसने अंजेलिना मोरे, शिवम वत्स, सौरभ वत्स, नंदिनी वत्स, करणवीर, शाहरुख खान और मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी पीसी उपाध्याय से खुल्लर की मुलाकात कराई। इन सभी ने उन्हें सभी 13 जिलों में ऑफलाइन टेंडर दिलाने का झांसा दिया। शुरुआत में उनसे 30 लाख रुपये निवेश कराए गए। इसके बाद कहा गया कि सभी जिलों में डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये के टेंडर दिलाएंगे। आरोपी पीसी उपाध्याय ने खुल्लर के साथ सचिवालय में बैठक की। दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए। मार्च 2023 में कुल 48 लाख रुपये ले लिए गए। टेंडर मिलने में देरी हुई तो आरोपियों ने एक और टेंडर का लालच दिया। इसमें सोलर स्ट्रीट लाइट सप्लाई का झांसा दिया। इसके लिए भी लाखों रुपये लिए गए। खुल्लर ने पुलिस को बताया कि उनसे कुल 70 लाख रुपये ठग लिए गए। अब तक किसी तरह का कोई टेंडर नहीं दिलाया गया।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News