ऋषिकेश- हाईवे पर ई-ऑटो के संचालन पर रोक, पटरी पर यातायात व्यवस्था
त्रिवेणी न्यूज 24
मुनिकीरेती _ मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में अब ई-ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन हाईवे की जगह ब्रांच रोड पर होगा। इसके लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रामझूला तक ई-रिक्शा, ई-ऑटो का संचालन रोका गया है। मधुवन आश्रम के बाहर तक ही ई-ऑटो, ई-रिक्शा का संचालन हो रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था पटरी पर आती दिख रही हैं। परिवहन सचिव के आदेश पर मुनिकीरेती पुलिस ने हाईवे पर ई-रिक्शा और ई-ऑटो का संचालन प्रतिबंधित कर दिया है। ऐसे में योगनगरी रेलवे स्टेशन, ऋषिकेश रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे से रामझूला सवारी लेकर जाने वाले ई-ऑटो और ई-रिक्शा को मधुवन आश्रम के बाहर हाईवे पर रोका जा रहा है।
वहीं से इन्हें वापस भेजा जा रहा है, जिसका ई-रिक्शा, ई-ऑटो चालक विरोध कर रहे हैं। वर्तमान में ई-रिक्शाओं का पंजीकरण 1700 के पार हो गया है। ई-ऑटो 150 से अधिक हैं।
ई-ऑटो, ई-रिक्शा चालकों ने किया विरोध _
रामझूला तक ई-ऑटो और ई-रिक्शा संचालन बंद करने के कारण इनके चालकों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क पर एकत्रित होकर कार्रवाई का विरोध किया। वहीं कुछ ई-रिक्शा और ई-ऑटो चालक मधुवन आश्रम के बाहर एकत्रित होकर एआरटीओ कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां पर अधिकारियों से वार्ता नहीं हो पाई।
पिछले साल भी ई-रिक्शा को हाईवे से बाहर करने हुए थे आदेश _
पिछले साल भी परिवहन सचिव की ओर से हाईवे पर ई-रिक्शा का संचालन रोकने के आदेश जारी किए गए थे। आदेश में कहा गया था कि ई-रिक्शा संचालन ब्रांच रोड तक किया जाए। इसके लिए एआरटीओ को रूट बनाने के आदेश दिए गए थे। हाईवे पर संचालित होने वाले ई-रिक्शाओं पर कार्रवाई के विरोध में ई-रिक्शा की अलग-अलग यूनियनों ने 27 अक्तूबर 2023 को एआरटीओ कार्यालय के बाहर वाहनाें को खड़ा कर घेराव किया था। उसके बाद परिवहन विभाग ने कार्रवाई बंद कर दी थी।
ई-रिक्शा, ई-ऑटो को हाईवे पर चलने की अनुमति नहीं है। इन्हें हाईवे पर आने से रोका गया है। जिससे यातायात व्यवस्था में काफी सुधार दिख रहा है – रितेश साह, प्रभारी निरीक्षक थाना मुनि की रेतीI
