ऋषिकेश- ढाई लाख भक्तों ने नीलकंठ धाम में किया जलाभिषेक

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर शाम तक शिवालय हर-हर महादेव और ऊं नम: शिवाय के उद्घोष से गूंजते रहे। प्राचीन नीलकंठ मंदिर में करीब ढाई लाख शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। सुबह से देर रात तक मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा। नीलकंठ मंदिर में भीड़ को नियंत्रण करने के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। शिवालय में जलाभिषेक के लिए नीलकंठ पैदल मार्ग पर पुंडरासू की ओर से शिवभक्तों की लंबी लाइन लगी रही। सैकड़ों शिवभक्त दोपहिया और चौपहिया वाहनों से नीलकंठ धाम पहुंचे। नीलकंठ धाम हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा। मंदिर के गर्भगृह में दोनों ओर से लगी जलहरी पर शिवभक्तों ने गंगा जल अर्पित कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस प्रशासन की निगरानी बनी रही। मंदिर के गर्भगृह और परिसर के आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। मंदिर के पुजारी शिवानंद गिरी ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे मंदिर के गर्भगृह में शिवलिंग का श्रृंगार किया गया। रात 8 बजे शिवभक्तों का जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान करीब ढाई लाख कांवड़ियों ने नीलकंठ धाम में जलाभिषेक किया। प्रसिद्ध ऐतिहासिक और पौराणिक शिवालय वीरभद्र महादेव, चंद्रेश्वर महादेव, सोमेश्वर महादेव, भूतनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोमवार सुबह हुई तेज बारिश में भी शिवभक्तों की आस्था में कमी नहीं दिखाया दिया। शिवालय के बाहर श्रद्धालु दूध, धतूरा, बेलपत्र, पंचमेवा, फल, पंचामृत, गंगाजल आदि हाथों में थामे हुए लाइन में खड़े रहे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिवालय के अंदर और बाहर पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। श्रावण मास का पहला सोमवार होने पर श्रद्धालुओं ने विधि विधान के साथ व्रत रखा। व्रती लोगों ने शिव पूजन कर जलाभिषेक किया। शाम ढलते ही व्रती लोगों ने विधिविधान के साथ व्रत का समापन किया।

%d bloggers like this:
Breaking News