ऋषिकेश- एम्स ने पर्यावरण संवर्धन के संदेश के साथ विभिन्न प्रजातियों के औषधीय एवं फलदार पौधों का किया रोपण
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सोशल आउटरीच सेल द्वारा स्थानीय जनमानस एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ मिलकर हरेला पर्व मनाया गया। जिसके तहत पर्यावरण संवर्धन के संदेश के साथ विभिन्न प्रजातियों के औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। बताया गया कि पौधरोपण से ही हम धरती का श्रंगार कर सकते हैं और अपने आसपास के वातावरण को हरियाली से आच्छादित कर सकते हैं। इस अवसर पर सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग एवं सोशल आउटरीच सेल के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बरसात के मौसम के दौरान एवं उसके शीघ्र बाद के महीनों में आने वाली डेंगू की दस्तक से बचाव के लिए जनसमुदाय से अपने घरों, मुहल्लों के आसपास मिलकर “सेवन प्लस वन” कार्यक्रम चलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए एम्स ऋषिकेश आउटरीच सेल की पहल पर यह कार्यक्रम ऋषिकेश क्षेत्र में 2019 में शुरू किया गया था, तब से ऋषिकेश में डेंगू पर काफी हद तक नियंत्रण हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में चंद्रेश्वरनगर में डेंगू से ग्रसित महज एक मरीज मिला था जबकि इससे पूर्व के वर्षों में चंद्रेश्वरनगर क्षेत्र में डेंगू के काफी केस देखने को मिलते थे।
डॉ. संतोष के अनुसार वृहद जनहित व जनस्वास्थ्य के मद्देनजर “सेवन प्लस वन” प्रोग्राम को ऋषिकेश के लागू करने के लिए ऋषिकेश नगर निगम एवं स्थानीय जनता से अनुरोध किया गया है तथा इसी बिंदु को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी डेंगू के प्रकोप को जड़ से नष्ट करने के लिए लोगों की भागीदारी को सुनिश्चित करना होगा।
