ऋषिकेश- मॉनसून शुरू होते ही चारधाम यात्रियों की संख्या में गिरावट, 70 फीसदी कम हुए दर्शन
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ मॉनसून शुरू होने के साथ ही भक्तों को भी टेंशन होनी शुरू हो गई है। चाधाम रूट और पर्वतीय जिलों में बारिश की वजह से भक्तजन केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री समेत चारों धामों में दर्शन करने को कम पहुंच रहे हैं। मॉनसून शुरू होते ही चारधाम यात्रियों की संख्या में मई के मुकाबले 70 तक गिरावट आ गई है। मई के महीने में चारधाम में रोजाना 80 हजार तक तीर्थयात्री पहुंच रहे थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर 27 हजार तक पहुंच गई है। पूरे यात्रा रूट पर इन दिनों कारोबार में भी 60 फीसदी तक की गिरावट देखी जा रही है। लिहाजा, होटल कारोबारियों ने तीर्थयात्रियों को लुभाने के लिए कमरों के रेट घटा दिए हैं। केदारनाथ मंदिर के दर्शन के लिए एक ही दिन में 30 हजार यात्री तक पहुंच रहे थे। अब केदारनाथ रोज औसतन छह हजार, बदरीनाथ 14 हजार, गंगोत्री चार हजार और यमुनोत्री तीन हजार यात्री पहुंच रहे हैं।
हरिद्वार तेजी से घट रही रजिस्ट्रेशन की संख्या
बीते शुक्रवार को मात्र 550 लोगों ने ही चारधाम के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। जबकि, एक समय यह संख्या चार हजार के पार जा रही थी। चारधाम के कारोबार में भी 60 फीसदी की कमी आ गई है। परिवहन कारोबारियों के साथ ही होटल कारोबारियों ने भी किराया कम कर दिया है।
