ऋषिकेश- एम्स के ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर पर महिला डॉक्टर ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- ऋषिकेश एम्स से एक नर्सिंग ऑफिसर पर महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि AIIMS के सर्जरी विभाग में तैनात महिला चिकित्सक के साथ सर्जरी के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुरुष नर्सिंग ऑफिसर ने छेड़छाड़ की। इस मामले से अन्य डॉक्टरों में काफी रोष है और वह भड़के हुए हैं। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए आरोपी नर्सिंग ऑफिसर पर कार्रवाई की मांग की। महिला डॉक्टर का आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी पर तैनात पुरुष नर्सिंग ऑफिसर ने उसको गलत ढंग से छुने की कोशिश की। महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि नर्सिंग ऑफिसर ने उसे व्हाट्सएप पर भी अभद्र मैसेज भेजे। धमकी के तौर पर कुछ फोटोज भेजकर चिकित्सक का मानसिक उत्पीड़न भी किया। महिला डॉक्टर ने अस्पताल प्रबंधन से इसकी शिकायत की। मंगलवार को एम्स के सभी जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डीन कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और उक्त नर्सिंग ऑफिसर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं इस मामले में एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि यह गंभीर मामला है। एम्स प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। आरोपी नर्सिंग ऑफिसर को निलंबन करने की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले को लेकर एम्स की आंतरिक कमेटी जांच रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
