ऋषिकेश- शीघ्र दूर होगी आयुष्मान पोर्टल की तकनीकी समस्या

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ आयुष्मान योजना के नए पोर्टल में चल तकनीकी खराबी के कारण आयुष्मान कार्डधारक मरीजों के पंजीकरण की समस्या शीघ्र ही दूर कर ली जाएगी। इस मामले में एम्स अस्पताल प्रशासन द्वारा राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उत्तराखंड के आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को इन दिनों पंजीकरण व बिलिंग में आ रही दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। पिछले माह 21 फरवरी से आयुष्मान पोर्टल का नया वर्जन लाॅन्च हुआ था। आयुष्मान मरीजों का तत्काल पंजीकरण नहीं हो पाने की यह समस्या एम्स ऋषिकेश सहित हरिद्वार और देहरादून के अस्पतालों में तब से ही बनी हुई है। इस सम्बन्ध में एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि यह समस्या एम्स सहित राज्यभर के विभिन्न अस्पतालों और सी.एस.सी. सेन्टरों में बनी हुई है। इस परेशानी के चलते कुछ मरीजों के कार्ड आयुष्मान के संबन्धित पोर्टल से लिंक हो रहे हैं जबकि कुछ के नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल में आई तकनीकी खराबी का यह मामला राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण स्तर का है। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के माध्यम से संबन्धित उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा दिया गया है। बताया कि राज्य के आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। उम्मीद है कि शीघ्र ही इस समस्या का स्थायी समाधान कर लिया जाएगा और आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को पूर्व की भांति योजना का त्वरित लाभ मिलने लगेगा। उन्होंने इस मामले में सभी लोगों से सहयोग की अपील की है।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News