ऋषिकेश- लोकसभा चुनाव में बीजेपी की आ रही हैं 370 सीटें, यूपी में हैरान कर रहे हैं सर्वे के आंकड़े
त्रिवेणी न्यूज 24
लखनऊ _ लोकसभा चुनाव को लेकर एक सर्वे में भारतीय जनता पार्टी के 366 सीटें जीतने का अनुमान है। यूपी में भाजपा 77 सीटें जीत सकती है जबकि सपा समेत अन्य दलों के खाते में सिर्फ 3 सीटें आने का अनुमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान दावा किया था कि बीजेपी इस लोकसभा चुनाव में कम से कम 370 सीटें जीतेगी और एनडीए गठबंधन 400 का आंकड़ा पार करेगा। उनके इस दावे के बाद पहली बार एक देशव्यापी सर्वे सामने आया है। जिसमें लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों का अनुमान लगाने की कोशिश की गई है। इस सर्वे में पीएम मोदी का दावा काफी हद तक सच होता दिखाई दे रहा है। सर्वे में उत्तर प्रदेश के नतीजे तो हैरान कर देने वाले दिखाई दे रहे हैं।
सर्वे में किसको कितनी सीटें _
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 370 सीटें जीतने के दावे के बाद एक देशव्यापी सर्वे कराया गया है। इसके जरिए जनता का मन टोहने की कोशिश की गई है। इस सर्वे के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 366 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस तथा अन्य दलों के इंडिया गठबंधन को 106 सीटों पर जीत मिल सकती है। अन्य के खाते में 73 सीटें जाने का अनुमान इस सर्वे में लगाया गया है। देश में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश पर हर पार्टी की नजर है। बीजेपी ने यहां पर 80 में से 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। वहीं मुख्य विपक्षी दल सपा बीजेपी का विजयरथ रोकने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। इसके लिए उसने कांग्रेस और आरएलडी के साथ हाथ मिलाया है। हालांकि सर्वे को देखें तो उसकी यह कोशिश विफल होती नजर आ रही है। सर्वे के मुताबिक, यूपी में भाजपा गठबंधन के 80 में से 77 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है। वहीं सपा, कांग्रेस और आरएलडी के खाते में सिर्फ 3 सीटें जाने के आसार हैं। सर्वे के अनुसार, बीएसपी और अन्य दलों का तो खाता भी नहीं खुलेगा।
