ऋषिकेश- आप पार्टी से निकले जोत सिंह बिष्ट ने थामा भाजपा का दामन
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट समेत कई पदाधिकारियों ने सोमवार को भाजपा (BJP) का दामन थाम लिया। उत्तराखंड की सियासत में आम आदमी पार्टी दखल तो दूर अपने कुनबे को भी नहीं संभाल पा रही है। राज्य में तीसरी राजनीतिक ताकत बनने के उसके दावे विधानसभा चुनाव में ही फुस्स हो गए थे। अब लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन में सेंध लगनी शुरू हो गई है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि आप में रहते हुए सियासी वजूद पर मंडराते खतरे की आशंका से उनके नेता और कार्यकर्ता लगातार छिटक रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश स्तर पर संगठन समन्वयक बने जोत सिंह बिष्ट ने करीब एक साल में ही आम आदमी पार्टी को अलविदा कह दिया। उनके साथ सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बिष्ट, आरपी रतूड़ी, हिम्मत बिष्ट, प्रवक्ता कमलेश रमन, संगठन सचिव हेम आर्य, सचिव चंद्रशेखर पांडे, बलवंत पंवार समेत कई समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ले ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने जोत सिंह बिष्ट समेत आप से आए अन्य पदाधिकारियों और समर्थकों को पटका पहना कर पार्टी में शामिल किया। जोत सिंह बिष्ट का कहना था कि मेहनत के बाद भी उपेक्षा के कारण उन्होंने आप को छोड़ा है। हाईकमान को उत्तराखंड के नेताओं पर भरोसा ही नहीं है।
