ऋषिकेश- एक जनवरी से दिल्ली में बीएस-6 श्रेणी के अलावा सभी तरह की बसों के संचालन पर रोक
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ एक जनवरी 2024 से दिल्ली में बीएस-6 श्रेणी के अलावा सभी तरह की बसों के संचालन पर रोक लगने जा रही है। यह रोक सभी राज्यों से आने वाली बसों पर लागू होगी। ऐसा हुआ तो उत्तराखंड राज्य परिवहन निगम की मात्र 175 बीएस-6 बसें ही दिल्ली जा सकेंगी। वर्तमान में परिवहन निगम की 350 बसें दिल्ली जाती हैं। हालांकि उत्तराखंड परिवहन निगम का कहना है कि उनकी बसों पर यह रोक लागू नहीं होगी। उत्तराखंड के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने कोई आदेश जारी नहीं किए हैं। इसके बावजूद अगर रोक लगी तो उत्तराखंड की सिर्फ 175 बसें ही दिल्ली जा सकेंगी। जो कि बीएस-6 हैं। शेष बीएस-3, बीएस-4 बसों को दिल्ली में एंट्री नहीं मिल सकेगी। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि फिलहाल बसों पर रोक को लेकर उत्तराखंड को कोई निर्देश नहीं मिले हैं। उसमें उप्र, हरियाणा और राजस्थान की बीएस6, इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसों को ही दिल्ली में एंट्री मिलने की बात लिखी है। हालांकि जून से उत्तराखंड की बसों पर पाबंदी लग सकती है। उत्तराखंड परिवहन निगम की कुल 350 बसें दिल्ली जाती हैं, रोक के बाद मात्र 175 बीएस-6 बसें ही दिल्ली जा सकेंगी। दून रीजन की 200 बसें दिल्ली के लिए जाती हैं, इसमें मात्र 100 बसें ही बीएस-6 हैं। इस तरह दिल्ली में रोक का बड़ा असर दून रीजन पर पड़ेगा। गौरतलब है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण गहराता जा रहा है। इस पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग लगातार प्रयास कर रहा है। पिछले एक साल में तीन बार बैठक कर यह निर्णय लिया गया कि दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में केवल बीएस-6, सीएनजी या इलेक्ट्रिक बसें ही चल सकेंगी।
