ऋषिकेश- हिमालयन हॉस्पिटल में भव्यता के साथ मनाया गया डॉ. स्वामी राम का 28 वां महासमाधि दिवस

त्रिवेणी न्यूज 24
डोईवाला _ एचआईएचटी संस्थापक डॉ.स्वामी राम का 28 वां महासमाधि दिवस समारोह भव्यता के साथ मनाया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि पद्मश्री स्वामी भारत भूषण (योगी) ने कहा कि एचआईएचटी संस्थापक डॉ.स्वामी राम विश्व की धरोहर हैं। स्वामी मानवता सेवा के संवाहक रहे। एचआईएचटी संस्थापक डॉ.स्वामीराम के 28वें महासमाधि दिवस पर आयोजित समारोह में पद्मश्री स्वामी भारत भूषण (योगी) ने कहा कि ‘प्रेम, सेवा व स्मरण’ की मूल भावना के उद्देश्य से डॉ.स्वामी राम ने 1989 में हिमालयन इंस्टिट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) की स्थापना की। एचआईएचटी के अध्यक्षीय समिति के सदस्य व स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जॉलीग्रांट के कुलाधिपति डॉ.विजय धस्माना ने संस्थापक डॉ. स्वामी राम से जुड़े संस्मरणों को साझा किया। इसके साथ ही एचआईएचटी के गौरवमयी इतिहास पर प्रकाश डाला। डॉ.धस्माना ने कहा कि संस्थान स्वामी जी के उद्देश्य के अनुसार ही जन सेवा के पथ पर अग्रसर है। इस मौके पर सामाजिक कार्यों को समर्पित संस्था ‘तरुण भारत संघ, अलवर, राजस्थान’ को ‘स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2023’से सम्मानित किया गया। पुरस्कार के रुप में संस्था को दस लाख रुपए, एक स्वर्ण पदक और एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। तरुण भारत संघ के संस्थापक डॉ.राजेंद्र सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में संस्थान से जुड़े 35 कर्मचारियों को ‘उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इस दौरान एचआईएचटी के वार्षिक कैलेंडर-2024 का विमोचन भी किया गया। स्वामी राम सेंटर में ट्रस्ट के संस्थापक ब्रह्मलीन डॉ.स्वामीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान स्वामी राम साधक ग्राम के प्रमुख स्वामी ऋतुवान भारती, पूर्व कुलाधिपति डॉ.मोहन स्वामी, विक्रम सिंह, कुलपति डॉ.राजेंद्र डोभाल, डॉ.प्रकाश केशवया, डॉ.रेनू धस्माना, डॉ.सुनील सैनी, कुलसचिव डॉ.सुशीला शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एसएल जेठानी, डॉ.अशोक देवराड़ी, डॉ.मुश्ताक अहमद आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.ज्योति द्विवेदी ने किया।

%d bloggers like this:
Breaking News