ऋषिकेश- केदारनाथ धाम में अब तक 17 लाख 60 हजार से ज्यादा श्रद्धालु ने किया दर्शन

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ केदारनाथ धाम की यात्रा हर दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा के तहत रोजाना दस हजार के करीब श्रद्धालु बाबा केदार के दरबार में पहुंच रहे हैं, जबकि पिछले दिनों तक बीस हजार के करीब श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे थे। अब तक बाबा केदार के दरबार पर 17 लाख 60 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। कपाट बंद होने में अभी 23 दिन का समय शेष बचा हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि कपाट बंद होने तक 20 लाख श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा कर चुके होंगे। सूत्रों के मुताबिक, दीपावली के आस-पास पीएम नरेंद्र मोदी भी बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।
केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है।
15 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट _
इस साल केदानाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ के लिए खोले गये थे। यात्रा के शुरूआत से ही मौसम की मार देखने को मिली। हालांकि, तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ से स्थानीय व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिल रही है। केदारनाथ धाम के कपाट 15 नवंबर को भैयादूज के पर्व पर बंद होंगे। सूत्र बताते हैं कि कपाट बंद होने से पहले दीपावली पर्व पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम पहुंच सकते हैं।
पीएम के प्रमुख सचिव ने लिया जायजा _
केदारनाथ धाम में पीएम के आगमन को लेकर पिछले दिनों पीएम के प्रमुख सचिव भारत सरकार पीके मिश्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने और पुनर्निर्माण कार्यों को देखने के लिए केदारनाथ धाम पहुंचे थे। उनके केदारनाथ धाम आने के बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि पीएम मोदी दीपावली पर्व पर केदारनाथ धाम पहुंचकर पूरे हुए पुनर्निर्माण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। ऐसे में धाम में जहां निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। व्यवस्थाओं को लेकर भी शासन-प्रशासन कमर कसे हुए है।
चारधाम यात्रा में पहुंचे 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु _
बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा प्रदेश की आर्थिकी की रीढ़ है। कोविड काल के दौरान यात्रा पर बुरा असर पड़ा, जिस कारण लोगों में निराशा बनी हुई थी। प्रदेश सरकार के दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से गत वर्ष चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई। जिसका परिणाम रहा कि भारी तादात में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंचे और इस वर्ष अभी तक चारों धामों में 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। अकेले केदारनाथ धाम में अब तक 17 लाख 60 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

%d bloggers like this:
Breaking News