ऋषिकेश- चकराता में बोलेरो खाई में गिरने से तीन की मौत
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ चकराता के मीनस के पास एक बोलेरो गाड़ी करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कर शव खाई जेएnसे बाहर निकाले। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।तहसीलदार चकराता द्वारा एसडीआरएफ को सूचना दी गयी कि मीनस के पास पाटण नामक स्थान पर एक बोलेरो कैम्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। उक्त सूचना पर पोस्ट त्यूणी में व्यवस्थापित एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम हैंड कॉस्टेबल सतेंद्र रावत के नेतृत्व में मय आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
उक्त घटनास्थल पर एक बोलेरो कैंपर एच पी 63 सी 5039 जिसमें 03 लोग सवार थे जो नेवल टिकरी, तहसील- चौपाल, हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रहे थे। विकासनगर की ओर आते समय मीनस के पास वाहन अनियंत्रित होने से मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें तीनों सवारों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर त्वरित कार्यवाही करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुँच बनाकर वाहन में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाला। जिसके पश्चात कड़ी मशक्कत करते हुए वैकल्पिक मार्ग से होते हुए मुख्य मार्ग तक पहुँचाकर जिला पुलिस के सुपर्द किया गया।
मृतकों का विवरण _
राकेश कुमार पुत्र श्री सूरत सिंह, 26 वर्ष, (वाहन चालक), सुरजीत सिंह पुत्र श्री जगत राम, 35 वर्ष, श्याम सिंह पुत्र श्री भागमल, 48 वर्ष उपरोक्त सभी ग्राम- टिकरी, तहसील- नेरवा, शिमला, हिमाचल प्रदेश के निवासी है।
