ऋषिकेश- उत्तराखंड का भी होगा अपना औद्योगिक सुरक्षा बल
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने उत्तराखंड राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के गठन के लिए कार्ययोजना बनाने को लेकर होमगार्ड्स, औद्योगिक संस्थानों, बैंक, सिडकुल, नागरिक उड्डयन विभाग और गृह विभाग के अधिकारियों के साथ र्बैठक की।
सचिवालय में बुधवार को आयोजित बैठक में एसीएस राधा रतूड़ी ने प्रदेश में स्थित सभी बैंकों, एयरपोर्ट्स, हेलीपेड, औद्योगिक संस्थानों, सिडकुल, राज्य और केन्द्र सरकार के उपक्रमों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा बलों की आपूर्ति से सम्बन्धित जानकारी गृह विभाग को जल्द प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तर्ज पर राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के गठन के निर्देश दिए हैं। कहा कि राज्य में बैंकों, औद्योगिक संस्थानों, हेलीपैड व सरकारी उपक्रमों की पुख्ता सुरक्षा के लिए एक उत्तरदायी व संवेदनशील सुरक्षा बल की नितान्त आवश्यकता है।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, अपर सचिव सी रविशंकर, विशेष सचिव गृह रिद्धिम अग्रवाल, विम्मी सचदेवा के अलावा उत्तराखंड होमगार्ड्स विभाग, सिडकुल, नागरिक उड्डयन विभाग, गृह विभाग, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों व बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।
