ऋषिकेश- गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एसोसिएशन ने किया सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी का घेराव
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- परिवहन मंत्री चंदन राम दास के 31 मई तक वाहनों में जीपीएस की अनिवार्यता पर छूट प्रदान करने के बावजूद सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा टैक्सी वाहनों को ग्रीन कार्ड प्रदान ना करने के विरोध में गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक व मालिक एसोसिएशन ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा परिवहन मंत्री चंदन राम दास के मीडिया के सम्मुख दिए गए बयान को दरकिनार करते हुए जीपीएस के बिना ग्रीन कार्ड जारी नहीं किया जा रहा है। जिससे यही प्रतीत होता है कि उत्तराखंड में अफसरशाही सूबे के मंत्रिमंडल के ऊपर हावी हैं। आगामी 22 अप्रैल से चार धाम यात्रा प्रारंभ होने जा रही है। बावजूद एसोसिएशन के अंतर्गत संचालित होने वाली टैक्सियों के ग्रीन कार्ड नहीं जारी किए जा रहे हैं। टैक्सी संचालकों को जीपीएस लगाने के लिए बाध्य किया जा रहा है। इसके पीछे जीपीएस लगाने वाली कंपनियों से प्राप्त होने वाला कमीशन है। रावत ने कहा कि परिवहन विभाग के स्तर पर यदि परिवहन मंत्री के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया तो मजबूर होकर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने को मजबूर होना पड़ेगा, मौके पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे को एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने ग्रीन कार्ड जारी करने के लिए ज्ञापन सौंपा, जिस पर परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे द्वारा टैक्सी संचालकों को आश्वासन दिया कि वह मंत्री के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे और वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी करेंगे
प्रदर्शन करने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र वर्मा, सह सचिव रमेश सिंह रावत, कोषाध्यक्ष उमेश चौहान, उप कोषाध्यक्ष जोग जीवन बनर्जी, छोटेलाल दीक्षित, आसाराम सकलानी, शीशपाल डंगवाल, अमरदेव रियाल, पूरण सिंह रावत, पशुपति गैरोला, कृष्ण डबराल, वीरेंद्र जोशी, गोपाल जुगलान, अमर सिंह, आदि मौजूद थे।
