ऋषिकेश- तीर्थ नगरी ऋषिकेश से हिचकोले खाकर आगे बढ़ेगी चारधाम यात्रा
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- चारधाम यात्रा के प्रारंभिक स्थल ऋषिकेश से यात्री हिचकोले खाते हुए आगे की यात्रा पर निकलेंगे। चारधाम यात्रा तैयारियों की तमाम बैठक और तमाम निरीक्षणों में इस पर अधिकारी गौर करने से बचते रहे।मंडलायुक्त सुशील कुमार ने चारधाम यात्रा तैयारियों बैठक लेकर 20 अप्रैल तक सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश विभागों को दिए। विभागों ने भी हर बार की तरह से इस बार हामी भर दी। बहरहाल चारधाम यात्रा के प्रारंभिक स्थल यानि तीर्थनगरी ऋषिकेश में तैयारियां दूर-दूर तक नहीं दिख रही हैं। पंजिकरण कार्यालय को जरूर चमकाया जा रहा है। यहां दिन रात काम हो रहा है। पंजिकरण के बाद जब वाहन चारधाम यात्रा के लिए रवाना होंगे तो उनका सामने सबसे बड़े बड़े गडढे युक्त रोड से होगा। बीटीसी से चंद्रभागा मोटर पुल तक यात्री वाहन हिचकोली खाकर आगे बढ़ेगे। यात्रा के कष्ट ऋषिकेश से ही शुरू हो जाएंगे।
इस रोड पर बने बडे़-बड़े गडढों पर टल्ले तक नहीं लगाए जा सकें हैं। इसके अलावा इस रोड पर वाणिज्यिक गतिविधियों की वजह से लगने वाले जाम पर भी सिस्टम मौन साधे हुआ है। यहां लगने वाले जाम का असर मुनिकीरेती तक देखने को मिलता है।
चारधाम यात्रा में ट्रैफिक जाम कम से कम हो इसके लिए अतिक्रमण हटाने का उपक्रम तक इस वर्ष नहीं हुआ। ऋषिकेश ही नहीं चारधाम यात्रा के तमाम मुख्य पड़ावों को लेकर भी ऐसी ही सूचनाएं हैं। कुल मिलाकर चारधाम यात्रा की तैयारियां बैठके खूब हो रही हैं। धरातल पर वैसी तैयारी या काम नहीं दिख रहे हैं। गत वर्ष भी ऐसा ही कुछ देखा गया था।
