ऋषिकेश- उत्तराखंड की स्थानीय जनता बिना रजिस्ट्रशन कर सकेंगे ‘चार धाम’ यात्रा
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ चारधाम यात्रा के दौरान स्थानीय लोग अब बिना रजिस्ट्रेशन के भी धामों में प्रवेश कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक मे अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। निर्देश दिए कि यात्रा के लिए स्थानीय लोगों के पंजीकरण की अनिवार्यता को खत्म किया जाए। कहा कि प्रदेश में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को यात्रा में दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को होटल और होम स्टे में बुकिंग करा चुके श्रद्धालुओं के लिए दर्शनों की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यटन, पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि चारधाम आने वाले तीर्थयात्री अन्य देवस्थलों और पर्यटक स्थलों तक भी पहुंचे, इसके लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाएं। कहा कि लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उत्पादों का भी व्यापक स्तर पर प्रमोशन किया गया जाए। साथ ही जीएमवीएन में भी स्थानीय उत्पादों को रखा जाए।
उन्होंने यात्रा मार्गों के पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों के रहने-सोने की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। कहा कि पुलिस भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था करे, और यात्रा मित्र के तौर पर स्थानीय लोगों का सहयोग भी लिया जाए। परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया। इसके लिए विभाग अन्य राज्यों से समन्वय स्थापित करे। सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं से जो भी आवश्यक जानकारी लेनी है, केवल एकबार राज्य के एन्ट्री प्वाइंट पर ली जाए। सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, अरविंद सिंह ह्यांकी, सचिन कुर्वे, एचसी सेमवाल, गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार आदि मौजूद थे।
