ऋषिकेश- जिलाधिकारी देहरादून सोनिका की अध्यक्षता में हुई जन सुनवाई में 104 शिकायतें दर्ज, अधिकांश निस्तारित
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून- जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान 104 शिकायतें सामने आई। जिनमें आपसी और परिवारिक विवाद, विद्युत कनेक्शन, पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता, वृद्धा व विधवा पेंशन, एनएच पर पुस्ता निर्माण, पेयजल कनेक्शन बिल माफी समेत भूमि संबंधी शिकायतें शामिल थी। डीएम ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
सोमवार को जिलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनसुनवाई में आई शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पारिवारिक झगडे, मारपीट, दबंगों द्वारा मारपीट करने और झूठा मुकदमा दर्ज कराने के प्रकरणों पर पुलिस को जांच कर कार्यवाही के लिए कहा।
आर्थिक सहायता और समाज कल्याण की पेंशन के प्रकरणो पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को कार्यवाही कर शिकायतकर्ता को भी सूचित करने के लिए कहा गया। ग्रामसभा कोटी में भूमि खूर्द-बुर्द के स्थानीय जनप्रतिनिधियों की शिकायते व ग्रामसमाज की भूमि पर अतिक्रमण के बारे डीएम ने एसडीएम डोईवाला को निर्देश दिए। साथ ही प्लॉटिंग में रास्ता न दिए जाने पर जिलाधिकारी ने एमडीडीए को कार्यवाही के लिए कहा। जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. एसके बरनवाल, अपर मुख्य नगर आयुक्त जगदीश लाल, उप जिलाधिकारी सदर नरेश चन्द्र दुर्गापाल, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय जैन, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विद्याधर कापड़ी, अधिशासी अभियंता एमडीडीए अजय माथुर, जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप रावत, जिला पंचायतीराज अधिकारी विद्याधर सोमनाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल समेत लोनिवि, विद्युत, समाज कल्याण, सिंचाई विभाग आदि के अधिकारी मौजूद रहे।
