ऋषिकेश- अगले एक-दो दिन में बर्फबारी और हल्की बारिश का अनुमान

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ उत्तराखंड में मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक दो दिन ऊंचाई वाली जगहों पर हिमपात तो निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। तापमान न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
शनिवार को साल के आखिरी दिन मैदानी क्षेत्रों में दिन के वक्त धूप चमकी, लेकिन शाम होते-होते जहां आसमान बादलों से घिरने लगा, वहीं कोहरे और शीतलहर ने भी कंपकपी पैदा कर दी। अनुमान है कि नए साल में मौसम परेशान कर सकता है। ठिठुरन अभी से बढ़ने लगी है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री के आसपास है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह शून्य तापमान के कारण पानी और झरने जमने लगे हैं। पिछले एक दो दिनों में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फवारी ने भी ठंडक को और बढ़ा दिया है। मैदानों में धूप खिलने के बाद भी ठंडी हवाओं के झोंके कंपा रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तराखंड शीतलहर की चपेट में रह सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग आदि जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। वहीं अन्य इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में तापमान चार डिग्री से कम रहने के अनुमान के चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News