ऋषिकेश- मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय से की शिष्टाचार भेंट

त्रिवेणी न्यूज 24
नई दिल्ली- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री, भारी उद्योग मंत्रालय महेन्द्र नाथ पाण्डेय से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल में स्थित औद्योगिक ईकाई एचएमटी का उत्तराखण्ड सरकार को हस्तांतरित करने के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया। बैठक में तय किया गया कि चार धाम यात्रा मार्ग पर इलैक्ट्रॉनिक चार्जिग स्टेशन के लिए उत्तराखण्ड सरकार केंद्र सरकार को प्रस्ताव प्रेषित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद-नैनीताल स्थित एचएमटी औद्योगिक ईकाई लगातार घाटे में चलने के कारण आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी ने इसे बंद करने हेतु अनुमोदित किया था। अनुमोदन के क्रम में एचएमटी रानीबाग ईकाई को जैसा है जहां है के आधार पर उत्तराखण्ड शासन को हस्तांतरित किया जाना प्रस्तावित है। उत्तराखण्ड शासन द्वारा एनबीसीसी द्वारा आकलित मूल्य पर एचएमटी रानीबाग ईकाई को क्रय करने की अपनी सहमति भारी उद्योग मंत्रालय को प्रेषित कर दी गयी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से औद्योगिक ईकाई एचएमटी के हस्तांतरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित किये जा सकेंगे और रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्ग पर इलैक्ट्रॉनिक चार्जिग स्टेशन बनाने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से इसका प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। तय हुआ कि उत्तराखण्ड सरकार जल्द ही इसका प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को प्रेषित करेगी।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News