ऋषिकेश- चार धाम यात्रा की व्यवस्था मे करोड़ो के खर्च के बावजूद नही मिल पा रहा है यात्रियों को पीने का पानी और ठहरने की सुविधा
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा के लिया आईएसबीटी में तीर्थ यात्रियों का जमावड़ा लगा हुआ है। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए सागर किनारे प्यासे की कहावत चरितार्थ हो रखी है। श्रद्धालुओं को दो पल के लिए आराम करने की जगह भी नहीं मिल पा रही है। विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा शबाब पर है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। चार धाम यात्रा बस अड्डे पर तमाम प्रशासनिक व्यवस्था पंगु ही साबित हो रही है।
प्रशासन ना तो यात्रियों के ठहरने का इंतजाम कर पा रहा है और ना ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था। बता दें कि चार धाम यात्रा पर आए श्रद्धालु पानी की बूंद बूंद के लिए तरस रहे हैं। प्रशासन की सुविधाओं की सूचि में इन यात्रियों के लिए भले ही सुविधाओं की भरमार लगी हो लेकिन हकीकत में इन यात्रियों को सुविधाओं से दूर दूर तक कोई वास्ता नहीं है। इस वर्ष गर्मी भी कहर बरपा रही है। हर कोई जहां चिलचिलाती धूप व गर्म हवा से परेशान है वहीं दूसरी ओर आम लोगों के बीच पानी के लिए हाहाकार मचने लगा है। ऐसे में चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु काफी परेशान हैं। शासन प्रशासन भले ही यात्रियों की समुचित व्यवस्था के दावे कर रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
