ऋषिकेश- भाजपा की महिला नेत्रियों के नेतृत्व में महिलाओं ने की कैबिनेट मंत्री से केन्द्रीय विद्यालय के लिए भूमि की मांग
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- ऋषिकेश में केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की मांग को लेकर पार्षद सुंदरी कंडवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की।
वीरभद्र भाजपा मंडल महामंत्री व नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल ने बताया कि लगातार मीडिया के जरिए केंद्रीय विद्यालय के बंद होने की सूचना मिल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय ऋषिकेश विधानसभा की एक पहचान ही नहीं बल्कि शिक्षा का मुख्य केंद्र बिंदु भी है। यहां से अभी तक अध्ययन कर चुके हजारों छात्रों ने देशभर में विद्यालय का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय में शिक्षा के साथ ही बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक सहित संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान की जाती है। ऐसे में विद्यालय के बंद होने पर विधानसभा के लिए शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति होगी। वर्तमान में इस विद्यालय से करीब 1200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार का शिक्षा पर विशेष जोर है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय को खोलने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में उषा लखेड़ा, सुनीता कुकरेती, संगीता कुकरेती, प्रतिमा रावत, सरोज चौहान, अंजू देवी, विमला देवी, माया घले आदि महिलाएं उपस्थित रही।
