ऋषिकेश- प्रोफेसर एनपी माहेश्वरी को गुणवत्ता व विशिष्टताओं की जांच हेतु नैक ने किया पीयर टीम का सदस्य मनोनीत
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ प्रोफेसर एनपी माहेश्वरी पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक उत्तराखंड शासन को अमेरिकन कॉलेज मदुरै तमिलनाडु के गुणवत्ता व विशिष्टताओं की जांच हेतु नैक द्वारा पीयर टीम का सदस्य मनोनीत किया गया है। अमेरिकन कॉलेज मदुरै 1881 में स्थापित भारत के प्राचीनतम कॉलेजों में से एक है। नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्र नाथ टैगोर जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने इस कॉलेज में व्याख्यान दिए हैं। भारत के सर्वोच्च पुरस्कार पद्मश्री व पद्मभूषण से यहां के अनेक पुरातन छात्रों को नवाजा गया है। अमेरिकन कॉलेज मदुरै 1977 में यूजीसी नई दिल्ली द्वारा पहली बार स्थापित सात ऑटोनॉमस कॉलेजों में से एक है। दक्षिण भारत के ऐसे कॉलेज में गुणवत्ता परख हेतु नैक पीयर टीम में प्रोफ़ेसर माहेश्वरी का चयन उत्तराखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर उनके अनेक मित्रों व शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है। विगत वर्ष भी प्रोफ़ेसर माहेश्वरी को तुंगा कॉलेज शिवकाशी कर्नाटक व एमडी पालेशा कॉमर्स कॉलेज धुले महाराष्ट्र में गुणवत्ता परख हेतु भेजा गया था। प्रोफेसर माहेश्वरी ने बताया कि पीयर टीम द्वारा अमेरिकन कॉलेज का मूल्यांकन 5 व 6 अप्रैल को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मूल्यांकन व प्रत्यायन परिषद (नैक) का उद्देश्य आंतरिक व वाह्य मूल्यांकन में सामंजस्य स्थापित करते हुए भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों में गुणवत्ता व विशिष्टताओं की जांच करना है। गुणवत्ता व उत्कृष्टता को लेकर जितना गहन विचार-विमर्श इन दिनों किया जा रहा है, ऐसा पहले कभी नहीं किया गया। 1994 में नैक की स्थापना के पश्चात इस आंदोलन ने ठोस व प्रभावी रूप ग्रहण किया। नैक का कार्य भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों में गुणवत्ता जांच व मूल्यांकन कर गुणवत्ता परख मान्यता प्रदान करना है।
