ऋषिकेश- शिवाजी नगर वासियों ने सार्वजनिक भूमि पर हो रहे निर्माण को रोकने की उप जिलाधिकारी से लगाई गुहार
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – शिवाजी नगर में सार्वजनिक भूमि पर किए जा रहे कब्जे को रोकने की स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी से गुहार लगाई है।
सोमवार को समाजसेवी संजय सिंह के नेतृत्व में शिवाजी नगर वासियों ने तहसील में उप जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के शिवाजी नगर गली नंबर-12 के मुख्य चौराहे पर लगभग 80 गज भूमि पिछले 40-50 वर्षों से खाली है। जिसका उपयोग सार्वजनिक हित में किया जाता रहा है। इस भूखंड में स्कूल वाहन, गैस के वाहनों की पार्किंग की जाती रही है। बताया कि कुछ प्रॉपर्टी डीलर इस भूखंड के आसपास बहुमंजिला इमारत का निर्माण कर रहे हैं। आरोप है कि उक्त प्रॉपर्टी डीलर मुख्य मार्ग व मुख्य मार्ग से सटी हुई गली के अलावा उक्त भूखंड पर भी कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। नागरिकों के विरोध के बावजूद भी प्रॉपर्टी डीलर निर्माण नहीं रोक रहे हैं। उन्होंने बताया कि नागरिकों की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रोका था। लेकिन प्रॉपर्टी डीलर ने पुनः कार्य आरंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भी काम रुकवाने के आदेश दे चुके हैं, मगर प्रॉपर्टी डीलरों के हौसले बुलंद है। पांच जनवरी को नगर निगम के एमएनए ने भी निगम की टीम को मौके पर भेजकर भूमि की नाप जोख कराई थी। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों पर कार्यवाही नहीं की गई। उन्होंने उप जिलाधिकारी से तत्काल सार्वजनिक भूमि पर हो रहे कब्जे को रोकने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र जोशी, विक्रम पंवार, वीर सिंह पुंडीर, सोहन सिंह चौहान, शंभू सिंह चौहान, प्रवीण, अर्जुन सिंह, मुकेश चंद्र, दिनेश चंद्र जोशी, रमेश गुसाई, धर्म सिंह, सुरेंद्र सिंह नेगी, अभिनव मलिक, रामनारायण, महावीर रावत आदि शामिल थे।
