ऋषिकेश- उत्तराखंड पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ
त्रिवेणी न्यूज 24
हल्द्वानी – रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पिथौरागढ़ के मूनाकोट पहुंचकर शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि वो देश के लिए जिंदगी न्यौछावर करने वाले शहीदों के सम्मान में यात्रा का प्रारंभ कर रहे हैं। यात्रा का दूसरा चरण यहां से प्रारंभ हुआ है। उत्तराखंड देवभूमि, तपोभूमि और वीर भूमि है। यहां पर चार धाम हैं और सैन्य धाम पांचवां धाम भी होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की हर गली-हर घर-हर शहर पवित्र धाम है। यहां सैन्य धाम की स्थापना इस पवित्र सोच को दर्शाती है। सैन्य धाम बनाने की सोच का स्वागत है लेकिन सैन्य धाम के निर्माण में औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। सभी शहीदों के घर से मिट्टी सैन्य धाम पहुंचनी चाहिए। सैन्य धाम में सभी का नाम और गांव अंकित होना चाहिए। रक्षा मंत्री ने नेपाल के साथ हाल में हुए सीमा विवाद पर कहा कि भारत और नेपाल के बीच कभी विवाद नहीं हो सकता। भारत के पड़ोसी चीन भी है लेकिन कुछ ऐसे पड़ोसी भी होते हैं, जिसको रिश्ता रखना नहीं आता। इसी बीच पाकिस्तान का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को संदेश दे दिया गया है कि ज्यादा गड़बड़ करोगे तो सीमा के पार जाकर और एयर स्ट्राइक भी कर सकते हैं। हमने दुनिया के किसी देश पर भारत ने कभी हमला नहीं किया, लेकिन अगर कोई भारत की तरह आंख उठाकर देखेगा तो भारत चुप बैठने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री धामी की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि धामी अपने छोटे कार्यकाल में बेहतरीन काम कर रहे हैं। फिलहाल उनको टी-20 मैच खेलने का मौका मिला है जिसको वो शानदार तरीके से खेल रहे हैं। लेकिन इनको 5 साल का टेस्ट मैच खेलने का मौका देना चाहिए। प्रदेश की जनता से राजनाथ सिंह ने अपील की कि धामी को 5 साल का ‘टेस्ट मैच’ खेलने के बाद इन्हें टेस्ट कीजिए। धामी हमारे महेंद्र सिंह धोनी हैं, वो धोनी की तरह ही अच्छे फिनिशर भी हैं।
कार्यक्रम से पूर्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, सांसद अजय टम्टा , पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
