ऋषिकेश-कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा की सरकार चार धाम यात्रा खोलने में डर रही है

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश। कांग्रेस के पूर्व मंत्री किशोर उपाध्याय ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड को लेकर चल रहे तनातनी के बीच राज्य सरकार चार धाम यात्रा शुरू से कतरा रही है।
रविवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पहाड़ की लाइफ लाइन चारधाम यात्रा को शुरू करने में सरकार कोई रूचि नहीं ले रही है। परिणाम हजारों हजार लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। चारधाम यात्रा शुरू कराने में सरकार की अरूचि का खुलासा करते हुए किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार का डर है कि धामों में तीर्थ पुरोहित देवस्थानम एक्ट का विरोध करेंगे। यहां से भाजपा का धर्म विरोधी चेहरा देश भर में प्रचारित होगा।
देश के लोग जान जाएंगे की दक्षिण भारत में मंदिरों को सरकारी दखल से मुक्त करने की बात करने वाली भाजपा देवभूमि के मंदिरों का सरकारीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे बचने के लिए भाजपा चारधाम यात्रा को टाल रही है। उपाध्याय ने कहा कि सरकार ने जल्द यात्रा शुरू नहीं की तो वो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चारधाम यात्रा करेंगे। एकादशी के दिन इसकी शुरूआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार कोर्ट में मामला होने की बात कहकर आम लोगों की जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण पूरा चारधाम यात्रा क्षेत्र बरबादी की कगार पर पहुंच गया है। इस मौके पर कांग्रेस नेता डा. केएस राणा, जयसिंह रावत, जयेंद्र रमोला, विजय पाल सिंह रावत, मनोज गुसाईं, दिनेश भटट आदि मौजूद थे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News