ऋषिकेश- भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने चलाया अनुशासनहीनता करने पर डंडा, महापौर अनीता ममगाईं को भेजा कारण बताओ नोटिस

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – नगर निगम के भाजपा पार्षदों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने मेयर अनीता ममगाईं को कारण बताओ नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है। पूर्व में भाजपा पार्षदों और मेयर के बीच चला द्वंद किसी से छुपा नहीं है। इसको लेकर पार्षदों ने मेयर के विरोध भाजपा हाईकमान से शिकायत की गई थी। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने पार्टी की ओर से मेयर को कारण बताओ नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देशानुसार आपको सूचित किया जाता है कि आपके और नगर निगम के पार्षदों के मध्य विवाद चल रहा है। इसके साथ ही मंडल की टीम व मंडल अध्यक्ष के साथ समन्वय नहीं है। पार्टी के उक्त सभी आंतरिक मामलों का आपके द्वारा समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित व प्रसारित किया जा रहा है जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। इससे भारतीय जनता पार्टी की साख को क्षति पहुंची है। पार्टी में रहते हुए पार्टी के आंतरिक मामलों को समाचार पत्र व अन्य प्रचार माध्यमों से प्रसारित करना भारतीय जनता पार्टी की धारा 25 घ के अंतर्गत अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसमें उन्होंने मेयर से एक सप्ताह के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष को स्पष्टीकरण देने को कहा है। उन्होंने कहा कि यदि उपरोक्त अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो यह माना जाएगा कि आपको इस विषय में कुछ नहीं कहना है। इस दशा में आप पर प्रदेश संगठन की ओर से अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

%d bloggers like this:
Breaking News