ऋषिकेश- बीन नदी में फंसी कैदियों की वैन, लक्ष्मण झूला पुलिस ने बचाया
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – ऋषिकेश चीला मार्ग पर उफनती बीन नदी के बीच कैदियों को ले जा रही एक वैन फंस गई। बताया गया है कि कैदी को एम्स में उपचार के लिए हल्द्वानी से लाया गया था वापसी के दौरान वैन नदी में फंस गई।
लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल के अनुसार हल्द्वानी से एक कैदी को स्वास्थ्य जांच के लिए ऋषिकेश एम्स लाया गया था। सोमवार को कैदी को लेकर वैन चीला मार्ग से होते हुए वापस हल्द्वानी जा रही थी। इस दौरान उफनती बीन नदी में तेज बहाव होने के कारण वैन नदी में फंस गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने वैन को निकालने के लिए ट्रैक्टर मौके पर भेजा। मगर ट्रैक्टर की सहायता से वैन नदी से नहीं निकल पाई। पुलिस ने वैन को नदी से बाहर निकालने के लिए हरिद्वार से क्रेन बुलवाकर किसी तरह से वैन को बीन नदी की उठती लहरों से बाहर निकाला। इस बीच करीब 4 घंटे तक वैन नदी में फंसी रही। वैन के बाहर निकलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। बता दें कि पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश की वजह से बीन नदी में पानी उफान पर है। ऐसे में बीन नदी को पार करना खतरे से कम नहीं है।
