ऋषिकेश- बुलेट चोरी के आरोप में दो बदमाशों में से एक गिरफ्तार, एक फरार

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – सिविल लाइन कोतवाली रुड़की के हाथ उस समय एक सफलता हाथ लगी जब कोतवाली पुलिस की एक टीम पटियाला लस्सी चौक पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम ने चोरी की दो बुलेट सहित एक बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जबकि एक बदमाश फरार होने में कामयाब रहा।
सोमवार की देर शाम सिविल लाइन कोतवाली पुलिस की एक टीम पटियाला लस्सी चौक के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को दो अलग-अलग बुलेट पर सवार युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम को देख एक युवक बुलेट को सड़क पर गिरा मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस टीम ने भाग रहे युवक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब रहा। पुलिस ने दूसरे बुलेट पर सवार युवक को वहीं से दबोच लिया और बरामद दोनों बुलेट और युवक को अपने साथ सिविल लाइन कोतवाली ले आई।पुलिस पूछताछ में युवक ने दोनों बुलट को ऋषिकेश से अलग-अलग स्थानों से चोरी करना बताया है। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णा पुत्र बब्बन यादव निवासी बनखंडी ऋषिकेश और फरार आरोपी का नाम शुभम पुत्र दया निवासी शांति नगर कोतवाली ऋषिकेश बताया है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को दी है। चोरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक दीप कुमार, उप निरीक्षक बारु सिंह, कांस्टेबल विकास त्यागी, चालक नीरज शामिल रहे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News