ऋषिकेश-पंचतत्व में विलीन हुई पूर्व पालिकाध्यक्ष स्नेहलता शर्मा, सैकड़ों नम आखों ने दी अंतिम विदाई
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – पूर्व पालिकाध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेत्री स्नेहलता शर्मा आज पंचतत्व में विलीन हो गई। गुरुवार को मुक्तिधाम में सैकड़ों नम आंखों के बीच उन्हें अतिंम विदाई दी गई। इस दौरान उनके पुत्र अमित वत्स ने अपनी मां की चिता को मुखाग्नि दी। पूर्व पालिकाध्यक्ष स्नेहलता शर्मा के निधन पर विभिन्न राजनैतिक संगठनों के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी अपनी गहरी संवेदना जताई है। स्नेहलता शर्मा भले ही आज हमारे मध्य नहीं हैं लेकिन उनके परिजनों द्वारा कराए गए नेत्रदान से दो नेत्रहीनों की जिंदगी रोशन होने के साथ ही समाज को नेत्रदान का संदेश अवश्य मिलेगा। बीते बुधवार को बनखंडी निवासी 66 वर्षीय स्नेहलता शर्मा का आकस्मिक निधन हो गया था, दुख की घड़ी में उनके पुत्र अमित वत्स ने अपने पिता त्रिनेत्र शर्मा से सहमति लेकर नेत्रदान कार्यकर्ता व लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि के चार्टर अध्यक्ष गोपाल नारंग को सूचित किया, जिस पर नारंग ने एम्स हॉस्पिटल की नेत्रदान रेस्क्यू टीम को लेकर उनके निवास पर पहुंचे व नेत्रदान का पुनीत कार्य कराया। नेत्रदान महादान प्रमुख लायन रामशरण चावला के अनुसार मिशन का यह 199 वां सफल प्रयास है जो निरंतर चलता रहेगा। इन सबके बीच गुरुवार को जब भाजपा नेत्री स्नेहलता शर्मा की अतिंम यात्रा उनके घर से निकली तो अश्रुपूर्ण माहौल में शहरवासियों की भीड़ उसमें शामिल होने के लिए उमड़ पड़ी। मुक्तिधाम में हुए उनके अंतिम संस्कार के दौरान आम जनमानस के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के अलावा धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में मोजूद रहे।
