ऋषिकेश- प्राथमिक शिक्षकों ने 2004 की विज्ञप्ति की शर्तों के अनुसार पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग प्रेमचंद अग्रवाल से की

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में वर्ष 2004 की विज्ञप्ति द्वारा नियोजित शिक्षकों ने पुरानी पेंशन की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा है। इसमें शिक्षकों ने नई पेंशन योजना को कर्मचारियों के साथ धोखा बताते हुए विज्ञप्ति की शर्तों के अनुसार पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की है।
वर्ष 2004 में उत्तराखंड सरकार द्वारा राज्य में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए बीएड प्रशिक्षितॊ को विशिष्ट बीटीसी के तहत प्राथमिक शिक्षकों के रूप में भर्ती के लिए समाचार पत्रों के माध्यम से विज्ञप्ति जारी की थी। विज्ञप्ति के अनुसार इन शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलना था किंतु भर्ती प्रक्रिया में विलंब के कारण शिक्षकों की नियुक्ति के दौरान नई पेंशन योजना से आच्छादित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि नई पेंशन योजना को लेकर देशभर के कर्मचारियों में नाराजगी है और कर्मचारी इसे उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करार देते आ रहे हैं। वर्ष 2004 की विज्ञप्ति मैं पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित किए जाने की शर्त होने के बावजूद शिक्षकों को पेंशन का लाभ न मिलने से शिक्षक अपनी नियुक्ति के दौरान से ही नई पेंशन योजना का विरोध करते हुए उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग कर रहे हैं। शनिवार को प्राथमिक शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल शिक्षिका कंचन उनियाल ने बताया कि एक ही विज्ञप्ति के द्वारा नियुक्त कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। जबकि राज्य भर में करीब 2300 शिक्षकों को इस लाभ से वंचित कर उन पर उनकी इच्छा के विरुद्ध नई पेंशन योजना थोप दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने भविष्य को लेकर चिंता एवं तनाव में हैं। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शिक्षकों को नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया है। ज्ञापन में मंजू रावत, प्रमोद रावत, संजय सिंह, दीवान सिंह सहित कई शिक्षकों के हस्ताक्षर अंकित हैं।

%d bloggers like this:
Breaking News