ऋषिकेश- उत्तराखंड में ब्लैक फंगस से पहली मौत, 17 मरीज संक्रमित

त्रिवेणी न्यूज़ 24
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना के साथ ब्लैक फंगस का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। एम्स ऋषिकेश में एक मरीज की ब्लैक फंगस से मौत हो गई है। प्रदेश में ब्लैक फंगस से यह पहली मौत है। जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों में एम्स में 17 मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। इनमें सात मरीज ऐसे हैं, जो पहले से ब्लैक फंगस से ग्रसित होने के बाद उपचार के लिए आए थे। दस मरीजों को कोरोना संक्रमण के कारण यहां भर्ती किया गया था, शुक्रवार रात ब्लैक फंगस से एक मरीज की मौत भी हो गई, जबकि 16 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें दस मरीजों की सर्जरी की जा चुकी है और छह की सर्जरी की जानी है। एम्स में ब्लैक फंगस से मृतक युवक कोविड संक्रमण से पीड़ित था। कुछ दिनों पहले देहरादून से रेफर होने बाद उसे एम्स में भर्ती कराया गया था।

जांच के दौरान युवक में ब्लैक फंगस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। देहरादून निवासी 36 वर्षीय युवक की ब्लैक फंगस से शुक्रवार दोपहर को ही मौत हो गई थी, लेकिन इसकी जानकारी रविवार को सामने आई। वहीं प्रदेश में ब्लैक फंगस से संक्रमित 17 मरीज मिले हैं। इसमें से उत्तराखंड के 12 और यूपी के पांच कोविड मरीजों में ब्लैक फंगस का संक्रमण मिला है। सबसे अधिक पांच संक्रमित हरिद्वार जिले के हैं। जबकि देहरादून के चार, काशीपुर का एक, ऊधमसिंह नगर का एक और अल्मोड़ा का एक मरीज शामिल है।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News